झांसी। युवा नेता व भारतीय राष्ट्रीय सहकारिता संघ के निदेशक यशपाल सिंह यादव ने आज अपना जन्मदिन अनूठे ढंग से मनाया। यशपाल ने मदर टेरेसा आश्रम व शिशु विहार आश्रम में बच्चों के साथ जन्मदिन सेलीबेट्र किया। उन्होंने बच्चों को कई उपहार बांटें और वृक्षारोपण किया। इस दौरान उनके प्रशंसकों ने भी वृक्षारोपण कर उनकी देखरेख का संकल्प लिया और जन्मदिन को संकल्प उत्सव के रूप में मनाया।
युवा नेता यशपाल यादव आज सुबह सिविल लाइन स्थित मदर टेरेसा आश्रम पहुंचे जहां अनाथ बच्चों के बीच उन्होंने जन्मदिन मनाया। बच्चों को स्कूली बैग और अन्य उपहार वितरित किये। इस दौरान मौजूद पुलिंद कला दीर्घा के अध्यक्ष व वरिष्ठ समाजसेवी मुकुंद मेहरोत्रा ने कहाकि यशपाल यादव ने जिस सादगी के साथ इन बच्चों के साथ जन्मदिन मनाया वो अनुकरणीय हैं। अपने जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर और उनको सहेजने का संकल्प लेकर भी उन्होंने अच्छी मिसाल पेश की है।
बाल कल्याण समिति के सदस्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मो.आबिद खान ने कहाकि आज इन बच्चों के चेहरे पर जो खुशी है उससे जन्मदिन की सार्थकता सिद्ध हो रही है। इस अवसर पर आश्रम की संचालिका ने यशपाल यादव के दीर्घ जीवन की कामना की।
इसी तरह इसाई टोला में स्थित सेंट ज्यूड शिशु विहार आश्रम में पहुंचकर यशपाल ने वहां के बच्चों को कई उपहार वितरित किये। उत्साहित बच्चों ने यहां कई सांस्कृतिक कार्यक्रम पेशकर सबको भावविभोर कर दिया। इस मौके पर यशपाल सिंह यादव ने कहाकि दुनिया में कोई अनाथ नहीं होता है, सबका पालन ईश्वर करता है। उन्होंने कहाकि इन बच्चों के हम जैसे भाई भी हैं जो इनकी मदद के लिये हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहाकि इन बच्चों के साथ जन्मदिन मनाकर आत्मसंतुष्टि महसूस हो रही है। इस मौके पर छत्रपाल सिंह, तेजपाल सिंह, यशपाल योगी आदि उपस्थित रहे।
इधर यशपाल के प्रशंसकों ने उनके जन्मदिन को संकल्प उत्सव के रूप में मनाया। जिले भर में एक हजार वृक्ष रोपित कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया। बबीना, बरूआसागर, चिरगांव, मांठ, अम्बावाय, मऊरानीपुर आदि स्थानों पर उनके प्रशंसकों ने वृक्षारोपण किया।