बबीना का सियासी पारा चढ़ा, वीरू अब राजीव सिंह पारीछा के साथ

बबीना का सियासी पारा चढ़ा, वीरू अब राजीव सिंह पारीछा के साथ

झांसी। आज बबीना विधानसभा क्षेत्र के चुनावी रण का सियासी पारा एकदम गर्मा गया। यहां से समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र प्रताप सिंह यादव उर्फ वीरू ने लम्बी अटकलों के बाद जो किया वो भाजपा प्रत्याशी राजीव सिंह पारीक्षा को बढ़त दिला सकता है। दरअसल आज वीरू ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया।


समाजवादी पार्टी से बबीना में यशपाल सिंह यादव का टिकट फाइनल होते ही टिकट के दूसरे दावेदार वीरेन्द्र प्रताप सिंह वीरू के गुट में रोष छा गया था। तभी से संभावना जताई जाने लगी थी कि वीरू कहीं बगावत न कर दें। सोशल मीडिया के जरिये वीरू ने पार्टी के इस निर्णय को परिवारवाद की राजनीति करार दिया था। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने वीरू को समझाने का प्रयास किया था ।
आज लखनऊ से अचानक खबर आई कि वीरू ने भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भगवा रंग ओढ़ लिया है। इस मौके पर भाजपा के बबीना से प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा भी वीरू के साथ मौजूद रहे। इस खबर से सियासी पारा एकदम चढ़ गया। माना जा रहा है कि वीरू के सपा छोड़ भाजपा में आ जाने से यादव समाज वोटों में सेंध लगेगी जिससे राजीव सिंह पारीछा को बढ़त मिल सकती है। बताते है कि वीरू के पास यादवों का एक बड़ा वोट बैंक है। वीरू ने आज खुद कहा कि बड़ी संख्या में उनके साथ कई सपाई और यादव परिवार भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रवाद की भावना से प्रेरित होकर भाजपा में आये हैं।

0Shares
राज्य